कोण्डागांव , मई 05 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

प्रदेश की जिला परिषद कोण्डागांव के सहायक सचिव दिनेश मरकाम और जयप्रकाश नेताम ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 1000 रुपये की वृद्धि कर इसे 2300 रुपये से बढ़ाकर 3300 रुपये किया जाना अनुचित और जनविरोधी कदम है। उन्होंने इस वृद्धि की कड़ी निंदा करते हुए इसे आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालने वाला निर्णय बताया।

पार्टी नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में इस प्रकार की बढ़ोतरी से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, छात्रावास और छोटे भोजनालय प्रभावित होंगे, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। इससे चाय और भोजन की कीमतों में वृद्धि होगी और पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित