हैदराबाद , सितंबर 16 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय नेता के. नारायण ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि वह टैरिफ से जुड़े मुद्दों पर अमेरिका के 'दबाव और उत्पीड़न' के आगे न झुकें।

श्री नारायण ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नये आर्थिक टैरिफ उपायों के लिए विधायी मंजूरी मांग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम का मुख्य लक्ष्य भारत को निशाना बनाना है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका भारत को लाभ पहुंचाने वाले किसी भी कदम पर सहमत नहीं हुआ है और वह भारत पर दबाव बनाने के लिए टैरिफ जैसी धमकियों का सहारा ले रहा है।

उन्होंने जोर दिया कि भारत को अपनी आर्थिक नीतियों पर राजनीतिक रूप से अडिग रहना चाहिए और सस्ते तेल की खरीद समेत लाभकारी ऊर्जा एवं व्यापारिक विकल्पों की तलाश जारी रखनी चाहिए।

राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सम्मेलन में एकतरफा टैरिफ और आर्थिक दबाव का मुद्दा चर्चाओं में प्रमुखता से छाया रहा। ब्रिक्स के नयी दिल्ली घोषणापत्र में एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया था कि वे वैश्विक व्यापार और आपूर्ति शृंखलाओं को बाधित कर सकते हैं।

श्री नारायण ने कहा कि भारत, चीन और रूस को अपने हितों और सम्मान की रक्षा के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अमेरिकी दबाव के आगे न झुकने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित