चेन्नई , मई 08 -- तमिलनाडु में सरकार गठन की राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने अभिनेता सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली 'तमिलगा वेत्री कषगम' (टीवीके) को अपना बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है।

पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि भाकपा विधायक दल के नेता टी. रामचंद्रन ने इस संबंध में तमिलनाडु के राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंप भी सौंप दिया है।

पार्टी के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन के निर्देश पर जारी इस बयान में कहा गया है कि भाकपा के दोनों विधायक राज्य में सरकार गठन के लिए श्री विजय के नेतृत्व वाली पार्टी को बिना शर्त समर्थन देंगे। यह निर्णय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद राज्य में एक स्थिर, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक सरकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

इस बीच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की प्रदेश इकाई ने अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि वह द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के गठबंधन के साथ ही रहेगी, जो यह संकेत देता है कि वह टीवीके को अपना समर्थन नहीं देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित