बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से आहत एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार खरपड़ा खेड़ी गांव में 26 वर्षीय बबली बघेल ने गुरुवार को अपने घर में जहर खा लिया। उसकी शादी आगामी 28 अप्रैल को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।
जानकारी के अनुसार युवती के बड़े भाई ने हाल ही में गन्ना बेचा था और उसी राशि से शादी की तैयारियां की जानी थीं। इस बीच छोटे भाई ने शादी के खर्च को लेकर बड़े भाई से पैसे मांगे, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। घर में बढ़ते झगड़े से बबली आहत हो गई और उसने भाइयों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद थम नहीं सका।
परिजनों के मुताबिक इस घटना से दुखी होकर युवती ने भावावेश में आकर जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवती बीएससी तक शिक्षित थी। थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया ने बताया कि जहर सेवन से मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित