कोलकाता , जून 05 -- पश्चिम बंगाल में भांगड़ बम विस्फोट मामले में आरोपी तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मौला ने शुक्रवार रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के समक्ष समर्पण कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक शौकत को एनआईए के कोलकाता मुख्यालय ले जाया गया है।
इससे पहले शौकत के इलाके से भाग जाने की आशंका के चलते उन्हें पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। एनआईए ने उन्हें खोजने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की मदद ली। दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिलों के सभी सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।
एनआईए ने गुरुवार को जांच के सिलसिले में दक्षिण 24 परगना जिले के जीवनतला में शौकत के घर पर तलाशी ली थी।
शौकत ने 2016 और 2021 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर कैनिंग पूर्व सीट जीती थी। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने भांगड़ से चुनाव लड़ा था, लेकिन आईएसएफ नेता नौशाद सिद्दीकी से पराजित हो गए थे।
गौरतलब है कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित