भीमताल , जुलाई 02 -- उत्तराखंड के भीमताल में लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला मेले का आयोजन इस वर्ष 16 जुलाई से भव्य रूप से मनाया जायेगा।

मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ 10 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला मेला उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का उत्सव है।

बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग, स्थानीय शिल्पकारों, जैविक उत्पादों और उद्यान विभाग के स्टॉलों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मंत्री ने पुलिस और प्रशासन को भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा, सुगम यातायात तथा पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और पौधारोपण अभियान की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर पालिका परिषद भीमताल की अध्यक्ष सीमा टमटा, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी एवं मेलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित