जयपुर , अक्टूबर 22 -- महावीर चक्र से सम्मानित एवं जयपुर के पूर्व महाराजा ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम को यहां वार्षिक पुरस्कार समारोह 'सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026' का आयोजन किया गया।

सिटी पैलेस के प्रीतम चौंक में आयोजित इस समारोह में पूर्व राज परिवार की सदस्य राजमाता पद्मिनी देवी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय संग्रहालय ट्रस्ट के चेयरपर्सन पद्मनाभ सिंह एवं श्रीमती दिया कुमारी की बेटी गौरवी कुमारी और धर्म गुरु शामिल हुए। महाराजा सवाई मान सिंह (एमएसएमएस) द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा ये पुरस्कार सामाजिक सेवा, हेरिटेज संरक्षण, विज्ञान, व्यापार, लीडरशिप, पारंपरिक शिल्प के क्षेत्र आदि सहित 25 विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए गए।

इस दौरान राजा दूल्हा राय अवॉर्ड - सामाजिक सेवाओं के लिए विमुक्ति संस्था, राजा काकिल देव अवॉर्ड - संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी कार्य के लिए टाटा ट्रस्ट्स, राजा पजवन देव अवॉर्ड - मेडिसिन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए डॉ. मोहनीश ग्रोवर, राजा भगवंत दास अवॉर्ड - जयपुर के पारंपरिक शिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रो. भवानी शंकर शर्मा, राजा मान सिंह प्रथम अवॉर्ड - बहादुरी के लिए राइफलमैन गोविंद सिंह, मिर्जा राजा जय सिंह प्रथम अवॉर्ड - सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए कर्नल विक्रमजीत सिंह काहलों, मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवॉर्ड - पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री धीरेन्द्र गोधा, महाराजा विशन सिंह अवॉर्ड - ट्रैवल एवं टूरिज्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए श्री राजीव कोहली, महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवॉर्ड - विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए डॉ. गोबिंद सागर भारद्वाज, महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवॉर्ड - पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री किरण राजपुरोहित, महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवॉर्ड - समाज सेवा और परोपकार के क्षेत्र में श्री रोहित कुमार सिंह, महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवॉर्ड - साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री अमीश त्रिपाठी, महाराजा सवाई जगत सिंह अवॉर्ड -आर्ट, पेंटिंग एवं स्कल्पचर के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री अनुपम हल्दर, एचएच महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवॉर्ड - फोटोग्राफी के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री समर सिंह जोधा, एचएच महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड - थियेटर, फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री कैलाश खेर को दिया गया।

इसके अतिरिक्त दिए गए पुरस्कार में एचएच महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय अवॉर्ड - खेल में उत्कृष्टता के लिए श्री महावीर प्रसाद सैनी, एचएच महारानी मरूधर कंवर अवॉर्ड - एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट और जेपीसीटी में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए श्री मान सिंह राजावत, एचएच महारानी किशोर कंवर अवॉर्ड - परफॉर्मिंग आर्ट के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री चुग्गे खान, एचएच राजमाता गायत्री देवी अवॉर्ड - महिलाओं की उत्कृष्टता के लिए मेजर डॉ. मीता सिंह, एचएच ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह अवॉर्ड - व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए श्री माधव सिंघानिया, एचएच राजमाता पद्मिनी देवी अवॉर्ड - जयपुर राजपरिवार के प्रति वफादारी एवं उत्कृष्ट अनुशासित सेवाएं प्रदान करने के लिए श्री सुरेंद्र सिंह शेखावत, महाराज कुमारी दीया कुमारी अवॉर्ड - लीडरशिप के लिए एआर. रितु सिंह, एचएच महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह अवॉर्ड - हेरिटेज और आर्किटेक्चर के संरक्षण में उत्कृष्टता के लिए राधा गोयनका, राजकुमारी गौरवी कुमारी अवॉर्ड - ऐसे व्यक्ति/संस्था के लिए जिसने स्टार्टअप/नवाचार/आविष्कार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की हो और जिसका समाज पर गहरा सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो श्रीमती कमला पोद्दार और एचएच महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड- किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए श्री विश्वजीत प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित