कोलकाता , अप्रैल 29 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान भवानीपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के दौरे के समय बुधवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।

कालीघाट इलाके में मतदान के बीच श्री अधिकारी के पहुंचने पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने "जय बंगला" के नारे लगाए, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गयी।

स्थिति बिगड़ने पर केंद्रीय बलों और कोलकाता पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया। पुलिस के अनुसार अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुख्यमंत्री और तृणमूल उम्मीदवार ममता बनर्जी का निवास भवानीपुर के कालीघाट में है। यह इस चुनाव में राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल है।

श्री अधिकारी ने घटना के दौरान आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मतदाताओं को प्रभावित और भयभीत करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदान की रफ्तार धीमी है और केंद्रीय बलों की मौजूदगी से तृणमूल घबराई हुई है।

श्री अधिकारी ने कहा, "ममता उम्मीदवार हैं, बूथ जा सकती हैं, लेकिन इतने लोगों के साथ आकर क्या मतदाताओं को डराने की कोशिश हो रही है?"तृणमूल समर्थकों के "जय बंगला" नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अधिकारी ने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा कि मुसलमान जय बंगला के नारे लगा रहे हैं, जबकि हिन्दू भाजपा के साथ हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित