पटना , मई 11 -- भवन निर्माण विभाग के नए सचिव प्रणव कुमार ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया गया।

इस अवसर पर निवर्तमान सचिव कुमार रवि सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित थे। सचिव ने विभाग के पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ बैठक की एवं विभाग की ओर से कार्यान्वित सभी योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन स्थिति, मेंटनेंस आदि की जानकारी ली। विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली, विभिन्न योजनाओं की प्रगति और कार्यान्वयन की स्थिति को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सचिव को राज्य में बन रहे प्रतिष्ठित भवनों की अद्यतन स्थिति और भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, अवगत कराया गया कि हाल के बर्षों में भवन निर्माण विभाग ने बापू टावर, राजगीर खेल परिसर, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप, पटना समाहरणालय सहित अन्य आईकॉनिक भवनों का निर्माण सफलतापूर्वक किया है।बैठक में राज्य के महत्वपूर्ण सरकारी भवनों के रख-रखाव, तकनीकी मेंटनेंस और साफ-सफाई की व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।

सचिव ने कहा कि विभाग का कार्य नए भवनों का निर्माण के साथ-साथ सरकारी भवनों का बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके दीर्घकालिक संरक्षण के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए, जिससे राज्य की ढांचागत संपत्तियां सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहें। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित