पटना , जून 18 -- भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में भवन निर्माण विभाग द्वारा कार्यान्वित विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत प्रमंडलवार समीक्षा की गई। राज्य में निर्माणाधीन सरकारी भवनों, आवासीय विद्यालयों, हॉस्टल और अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में अतिरिक्त निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निदेश दिए गए।

बैठक में भवन निर्माण विभाग के वरीय पदाधिकारियों, अभियंताओं एवं प्रशासी विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य लोग शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता भी इस बैठक से जुड़े।

भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में 600 क्षमता वाले आधुनिक सभागार के निर्माण तथा मीठापुर, पटना में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जुलाई, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त गया अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में वास्तुकला विभाग भवन, 300 बेड के बालक छात्रावास तथा 200 बेड के बालिका छात्रावास की निविदा प्रक्रियाओं को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, विभिन्न जिलों (यथा मधुबनी, समस्तीपुर, जमुई, सुपौल एवं गया) में निर्माणाधीन मदरसा भवनों, 100 बेड वाले अल्पसंख्यक बालिका छात्रावासों तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारियों के आवासीय भवनों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित