रायपुर , अक्टूबर 19 -- ) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्र के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा कर कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। सोमवार को उन्होंने ग्राम भलपहरी में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।

श्री शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने नवरात्र के पावन अवसर पर विभिन्न ग्रामों में माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान वे ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे रूबरू हुए और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

श्री शर्मा ने ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए दो लाख 60 हजार रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड निर्माण के लिए 4 लाख रुपये तथा अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए छह लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इसी प्रकार ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए आठ लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए पांच लाख 20 हजार रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर की ओर सीसी रोड निर्माण के लिए दो लाख 60 हजार रुपये, मैदान समतलीकरण के लिए दाे लाख रुपये तथा गोठान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा की गई।

उप मुख्यमंत्री ने भलपहरी में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होंगी। हितग्राही महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। इससे ग्रामीणों को छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा और उनके समय एवं आवागमन खर्च की बचत होगी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास सहित आवश्यक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाकर लोगों के जीवन को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संबंध में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और शासकीय राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित