जयपुर , जून 06 -- राजस्थान में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 में घोषित भर्ती कैलेंडर की प्रक्रिया निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ रही है।

श्री श्रीनिवास शनिवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिकाधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विभागों को भर्ती प्रक्रियाओं से संबंधित प्रशासनिक, वित्तीय, नियम संशोधन और अन्य आवश्यक कार्रवाईयों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग, कार्मिक विभाग, संबंधित विभागों और भर्ती एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाये रखा जाये, ताकि भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब नहीं हो।

श्री निवास ने कहा कि विभिन्न विभाग भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास कर रहे हैं। गृह विभाग की उप निरीक्षक एवं कांस्टेबल भर्ती, प्रशासनिक सुधार विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती, स्वायत्त शासन विभाग की सफाई कर्मचारी भर्ती, पंचायतीराज विभाग की ग्राम विकास अधिकारी भर्ती, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की सपोर्ट इंजीनियर भर्ती, शिक्षा विभाग की शिक्षकीय एवं अन्य पदों पर भर्ती और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संवर्ग की भर्तियों की विभागवार समीक्षा की।

बैठक में प्रशासनिक सुधार विभाग के अधिकारी ने अवगत कराया कि 53 हजार 749 पदों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती की प्रक्रिया संचालित है, जिसमें दिव्यांग श्रेणी, खेल प्रमाण पत्रों एवं चिकित्सा जांच की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है जिसे शीघ्र पूर्ण कर ली जायेगी। स्वायत्त शासन विभाग के सचिव ने अवगत कराया कि 24 हजार 793 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती के लिये प्रक्रिया निर्धारण की कार्रवाई अनुमोदन स्तर पर है। भर्ती समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जायेगी। आयोग के अधिकारी ने अवगत कराया कि गृह विभाग के उप निरीक्षक के 61 पदों की वृद्धि होने के फलस्वरूप पूर्व में विज्ञापित 1015 के स्थान पर अब 1076 पदों पर शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिये परीक्षा परिणाम जारी किया जायेगा। भर्ती कैलेंडर में दर्शाये गए कॉन्स्टेबल के चार हजार पदों के विरूद्ध अब छह हजार पदों पर भर्ती की जायेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी ने बताया कि तीन सपोर्ट इंजीनियर एवं अन्य पदों की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। भर्ती की कार्यवाही शीघ्र सम्पादित करवाई जायेगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने अवगत कराया कि 600 चिकित्सा अधिकारी के रिक्त पदों की भर्ती की शीघ्र संबंधित भर्ती एजेंसी को प्रेषित कर दी जायेगी। दो हजार नर्सिंग एवं पैरामेडिकल पदों पर भर्ती नियमों में संशोधन के पश्चात् समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जायेगी। शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 10 हजार पदों को विभाग में चल रही पूर्व से प्रक्रियाधीन भर्तियों में विभाग से प्राप्त अतिरिक्त रिक्त पदों को शामिल करके भर्ती की कार्रवाई चल रही है। इसमें अध्यापक तृतीय श्रेणी के पूर्व में विज्ञापित पांच हजार पदों में दो हजार अतिरिक्त रिक्त पदों को जोड़ दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित