पिथौरागढ़ , जून 22 -- उत्तराखंड के ग्राम्य विकास, एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को जिला सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एमएसएमई विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।

इस दौरान श्री भरत सिंह ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि एक-दो विभागों को छोड़कर किसी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है, जो प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और समस्याओं से भी अवगत कराया, जिस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया।

बैठक के उपरांत मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

बैठक में गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, पिथौरागढ़ मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित