फर्रुखाबाद , जून 25 -- बिहार के भोजपुर (आरा) जिले के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस हिरासत में हत्या के मामले को लेकर गुरुवार को फर्रुखाबाद में विभिन्न सामाजिक एवं किसान संगठनों ने धरना-प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।
फर्रुखाबाद जिला विकास मंच के अध्यक्ष भैया मिश्रा, करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप राठौर, पूर्व प्रधान हेमंत शाक्य तथा किसान नेता गुड्डू राजपूत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी बस अड्डा परिसर के निकट एकत्र हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों के साथ जुलूस की शक्ल में फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "भरत तिवारी अमर रहें" और "भरत तिवारी के हत्यारों को फांसी दो" जैसे नारे लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिहार के आरा जनपद के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की पुलिस द्वारा हत्या की गई है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर अनूप तिवारी, पूर्व सभासद निशित दुबे, अभिषेक दुबे, विष्णु मिश्रा, मोहित अवस्थी, प्रेम प्रकाश मिश्रा तथा शाहरुख खान सहित विभिन्न संगठनों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित