भरतपुर , अक्टूबर 10 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग के भरतपुर, डीग, करौली, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर जिलों में पितृ पक्ष के अंतिम दिन शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या पर जगह जगह पवित्र सरोवरों, नदियों, कुंडों एवं तालाबों पर पितरों का तर्पण करने के लिए आस्था का सैलाब नजर आया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा अर्चना करके अपने पूर्वजों को जल चढ़ाकर तर्पण करते हुए पितरों को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति की कामना की।
पवित्र सरोवरों, नदियों, कुंडों एवं तालाबों पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर यह सिलसिला अपरान्ह तक जारी रहा। पितृ पक्ष के आखिरी दिन पूर्वजों को याद करके श्रद्धालुओं द्वारा निभाईं गई धार्मिक परंपराओं से संभाग में दिन भर माहौल भक्तिमय बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित