भरतपुर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग के पाँच जिलों में बुधवार को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है।
निर्वाचन विभाग के सूत्रों ने बताया कि आज देर शाम तक सभी मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान के लिए मोर्चा संभाल चुके है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को भरतपुर जिले में भरतपुर नगर निगम, भुसावर और रूपवास नगर पालिका के लिए मतदान होगा। नगर निगम के 201 बूथों पर दो लाख 11 हजार 59 मतदाता मतदान करेंगे। नगर निगम में 401 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सवाई माधोपुर नगरपरिषद चुनाव में मतदाता बुधवार को अपने-अपने वार्ड में पार्षद चुनने के लिए 97 मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। नगरपरिषद के 60 वार्डों में 231 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। चुनाव में नगरपरिषद क्षेत्र के 92 हजार 713 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
करौली नगर परिषद, सपोटरा और मंडरायल नगर पालिका के लिए होने वाले नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान में मंगलवार को तीनों निकायों के 95 वार्डों में बनाए गए 106 मतदान केंद्र पर 78 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
डीग जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कामां, सीकरी और पहाड़ी नगर पालिकाओं में कल मतदान होगा। तीनों नगर पालिकाओं में कुल 80 वार्ड और 80 बूथ हैं। हालांकि तीन वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। इसलिए नौ सितंबर को 77 बूथों पर मतदान होगा। इन चुनावों में कुल 46 हजार 947 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
धौलपुर में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार को धौलपुर नगर परिषद के साथ मनियां, राजाखेड़ा और सैंपऊ नगरपालिका क्षेत्रों के लिए 172 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। सुबह सात बजे से शुरू होने वाला मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित