भरतपुर , अप्रैल 07 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग के डीग एवं धौलपुर जिले में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को तेज हवाओं और गर्जना के साथ हुई बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं व सरसो की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में अभी भी घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे और अधिक बारिश की संभावना बनी हुई है। किसानों ने पिछले कई दिनों से खराब मौसम के साथ बारिश व ओला वृष्टि से फसलों में 80 से 85 फीसदी नुकसान बताया है। प्रभावित किसानों ने राज्य सरकार से तत्काल मुआवजे की मांग भी की है।
किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि और लगातार बारिश के कारण उनकी कटी हुई गेहूं की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से डीग जिले के सांवई, खेड़ा कठेरा, कोरेर, घरवारी व सिनसिनी सहित दर्जनों गांवों में फसलों में भारी नुकसान हुआ है।
धौलपुर जिले में भी आज तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ भारी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को लेकर खासे परेशान हैं। किसानों का कहना है कि बार-बार हो रही इस बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने भरतपुर संभाग में आगामी दिनों में भी मौसम इसी तरह बने रहने का अलर्ट जारी करते किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित