भरतपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में गुरुवार शाम खिली धूप और गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक आये बदलाव के साथ तेज धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई और भीषण गर्मी से राहत मिली है।

संभाग मुख्यालय भरतपुर के साथ डीग, करौली, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर जिले में तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश के साथ कई स्थानों पर ओले भी गिरे। तेज हवाओं के कारण कई जगह धूलभरी आंधी से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। अचानक हुई इस ओलावृष्टि से किसानों को आंशिक नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

किसानों का कहना है कि इस बारिश से सूखी पड़ी जमीन में नमी बनी रहेगी, जो फसलों के लिए फायदेमंद होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित