भरतपुर , मार्च 20 -- पूर्वी राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भरतपुर सम्भाग में गुरुवार देर शाम बदले मौसम के मिजाज से शुक्रवार सुबह तक अंधड़, बारिश एवं ओलावृष्टि का दौर जारी रहा जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आ रही हैं।
मौसम की इस मार के बीच संभाग के भरतपुर, डीग, करौली, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर जिलों में खेतों में कटी पड़ी सरसो, गेंहू, चना, मटर एवं नकदी फसल आलू के भीग जाने से भारी नुकसान हुआ है। जिन जगहों पर अभी फसल को काटा नहीं जा सका है, वहां अंधड़ बारिश एवं ओलों की मार से खड़ी फसलें खेतों में बिछ गई हैं जिसे देखकर किसान दुखी नजर आ रहे हैं।
कृषि विशेषज्ञों ने हालांकि इस बारिश को आने वाली फसलों के लिए जमीन तैयार करने में सहायक बताया है, लेकिन खेत-खलिहानों में रखी फसलों के लिए यह हानिकारक साबित हो रही है। इस बीच मौसम विभाग की तरफ से संभाग में अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने के पूर्वानुमान ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
शहरी क्षेत्रों में भी जगह-जगह जलभराव के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है साथ ही तापमान में भी भारी गिरावट आयी है। मौसम में आये इस बदलाव के बाद ठंडी हवाओं के चलते वातावरण में ठंडक से लोगों को गर्मी और उमस से राहत भी मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित