भरतपुर , मार्च 05 -- राजस्थान में भरतपुर पुलिस रेंज के पांचों जिलों में गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के साथ जमकर होली का हुड़दंग मचाया।
होली खेलने में प्रशासनिक अधिकारी भी पीछे नहीं रहे। भरतपुर पुलिस लाइन में हुए होली के हुड़दंग में पुलिसकर्मियों ने कलेक्टर कमर चौधरी और पुलिस अधीक्षक आनंद दिगंत को कंधों पर बैठकार नृत्य किया। होली के गीतों पर कमर चौधरी और दिगंत आनंद ने भी जमकर ठुमके लगाये।
पुलिस लाइन डीग में होली के पर्व पर जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने पुलिसकर्मियों के साथ गुलाल उड़ाया और होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया।
सवाई माधोपुर के पुलिस लाइन मैदान में पुलिसकर्मियों के धुलंडी उत्सव में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने जवानों के साथ रंगों से होली खेलते डीजे पर खई के पान बनारस वाला', 'तेजाजी महाराज' और 'रींगस का भैरू' जैसे राजस्थानी और लोकप्रिय गीतों पर थिरकते हुए उत्सव का आनंद लिया। करौली में मंडरायल रोड स्थित जिला पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। होली मिलन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम और पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुये। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय होली गायक मंडलियों के ढोल-नगाड़ों की धुन पर सोनवाल और पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उत्साह से नृत्य किया।
धौलपुर पुलिस लाइन में आयोजित होली कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ होली खेली। कार्यक्रम में कलेक्टर और एसपी ने संगीत की धुनों पर पुलिस के जवानों और अधिकारियों के साथ जमकर ठुमके लगाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित