भरतपुर , मई 03 -- राजस्थान के भरतपुर संभाग में रविवार को कड़े इंतजाम के बीच राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक दल तैनात किए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। संभाग के भरतपुर, धौलपुर, करौली एवं सवाईमाधोपुर में परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई जबकि अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों में प्रवेश पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हो गया था।
सूत्रों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया। सुरक्षा जांच के दौरान परीक्षार्थियों के हाथों में बंधे मन्नत के कलावे और गले की मालाएं मुख्य द्वार पर ही कैंची से काट दी गईं। यहां तक कि कानों में पहनी हुई सोने की बाली को भी कटवाया गया। महिला अभ्यर्थियों को दुपट्टा पहनकर प्रवेश नहीं दिया गया। कई अभ्यर्थियों के पास मिले अपारदर्शी पेन बाहर जमा करवाए गए ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित