भरतपुर , मार्च 17 -- राजस्थान में भरतपुर पुलिस रेंज के पाँच जिलों में चलाये गये 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत 43 दिवसीय अभियान में 20 लाख से अधिक की इनामी राशि के 221 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के साथ 2500 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चन्द्र बिश्नोई ने मंगलवार को बताया कि रेंज में कानून-व्यवस्था सुदृढ करने और लंबे समय से फरार अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक फरवरी से 28 फरवरी तक चलाये गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन शिकंजा' के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इसे 15 मार्च तक जारी रखा गया।

उन्होंने बताया कि इस 43 दिवसीय सघन अभियान में रेंज के सभी पांचों जिलों भरतपुर, डीग, करौली, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर में संगठित और वांछित अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करके 20 लाख 52 हजार 700 लाख रुपये की इनामी राशि के कुल 221 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस श्रेणी में करौली जिला 52.07 प्रतिशत निस्तारण दर के साथ प्रथम रहा। अभियान में न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों की तामील करते हुए 2008 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। धौलपुर जिले ने सर्वाधिक 647 वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने 256 भगोड़ों को धरदबोंचा। इस श्रेणी में भी करौली पुलिस का प्रदर्शन 24.84 प्रतिशत सफलता दर के साथ उत्कृष्ट रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित