भरतपुर , मई 28 -- राजस्थान के भरतपुर संभाग में बकरीद (ईद-उल-जुहा) के अवसर पर गुरुवार को सुबह ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में नमाज अदा करके देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज के दौरान त्योहार को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की तरफ से पूरे संभाग में ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात करके लगातार गश्त की गयी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
इस दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देखने के साथ ईदगाह परिसर में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा। नमाज अदा करके अपने-अपने घर पहुंचे लोगों ने कुर्बानी की रस्म अदा करके एक-दूसरे के घर ईदी भेजी और जरूरतमंदों को दान भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित