जयपुर , सितम्बर 01 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भरतपुर जिले के अटलबन्ध थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक को मंगलवार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो की भरतपुर चौकी को शिकायत मिली कि परिवादी के पिता द्वारा दर्ज कराये गये दो मामलों में कार्रवाई करने की एवज में अटलबन्ध थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गोविंद मीना 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

उन्होंने बताया कि इस पर ब्यूरो की भरतपुर चौकी में पुलिस निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने सत्यापन के बाद जाल बिछाकर गोविंद मीना को परिवादी से रिश्वत की प्रथम किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित