भरतपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान के भरतपुर में मंगलवार को दशहरा के मौके पर नगरनिगम के दो सौ स्थाई सफाई कर्मचारियों के अचानक हड़ताल पर चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई।
हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने नगरनिगम आयुक्त पर असंसदीय भाषा मे बर्ताव करके कर्मचारियों को डराने के साथ उन्हें दो महीने की बढ़ी हुई तनख्वाह एवं दीपावली के बोनस को अपनी हड़ताल का मुख्य मुद्दा बताया है। सफाई कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी भी दी है।
कर्मचारियों का आरोप है कि पिछली हड़ताल के दौरान नगर निगम कमिश्नर ने कथित तौर पर सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाने की बात कही थी। उसके बाद भी तनख्वाह नहीं बढ़ी। अब सफाई कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें बढ़ी हुई तनख्वाह मिले साथ ही दीपावली का बोनस दिया जाये।
आंदोलनकारी सफाई कर्मचारियों के अनुसार उनके परिवार का हाल यह कि सोमवार को नवमी की पूजा पर पैसे नहीं होने के कारण वे त्योहार भी नहीं मना पाए। पहले कर्मचारियों को 6400 तनख्वाह मिलती थी। नगर निगम कमिश्नर ने 7600 तनख्वाह करने का कथित आश्वासन दिया था। सभी कर्मचारी सोन चिरैया नाम की कंपनी के जरिए नियुक्त हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित