भरतपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में भरतपुर के सेवर पंचायत समिति के घसोला गांव के ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनावों के बहिष्कार का एलान करते हुए गुरुवार से धरना शुरू किया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक फायदे के लिए उनकी पंचायत का गलत तरीके से परिसीमन किया गया है। पहले घसोला गांव बहनेरा ग्राम पंचायत में था, लेकिन परिसीमन के दौरान बनी नयी पंचायत समिति नगला बरताई में इसे जोड़ दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत मुख्यालय नगला बरताई में कुल 1494 मतदाता हैं, जबकि घसोला गांव में करीब 2500 हैं। इस हिसाब से ज्यादा मतदाता वाले गांव को पंचायत मुख्यालय बनाया जाना चाहिए था। इसके अलावा नगला बरताई पंचायत समिति घसोला गांव से करीब सात किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों ने परिसीमन को गलत बताते हुए इसके विरोध में पंचायती राज चुनावों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित