भरतपुर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के भरतपुर जिले में रुदावल थाना क्षेत्र के नारोली गांव से एसआई भर्ती परीक्षा देने घर से निकले एक युवक का शव मंगलवार को अलवर जिले में रैणी थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा रेलवे स्टेशन के पास रामपुरा के जंगलों में पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौके पर पहुंची रैणी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नारोली गांव निवासी 24 वर्षीय पिंटू जाटव के बैग की तलाशी में पुलिस को एसआई भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड, हल किए हुए कुछ प्रश्न पत्र और भरतपुर से दौसा तक का रेल टिकट बरामद हुआ है।

बताया गया कि पिंटू सोमवार को भरतपुर में आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा में शामिल हुआ था और वहां से रेल मार्ग द्वारा इस इलाके तक पहुंचा था। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने पर मौके पर मृतक युवक के मोबाइल पर परिजनों के फोन आ रहे थे जिससे उसकी त्वरित शिनाख्त संभव हो सकी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परीक्षा देने के बाद युवक भरतपुर से इतनी दूर इस निर्जन स्थान पर क्यों आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित