भरतपुर , मई 10 -- राजस्थान में उज्बेकिस्तान के ताशकंद में चल रही सबजूनियर (अंडर-15) एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भरतपुर के यश कुमार द्वारा 33 कि.ग्रा. भार वर्ग में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के मुक्केबाज कियान इकबाल को 5-0 से हराकर फाइनल में पहुंचने की खबर के बाद रविवार को भरतपुर संभाग में खेलप्रेमियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई।

यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार यश कुमार का फाइनल मुकाबला 14 मई को होगा। अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने वाले भरतपुर के यश कुमार भरतपुर जिले के पहले मुक्केबाज बन गए हैं। भरतपुर बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. राकेश चाहर ने बताया कि भरतपुर पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाजी प्रशिक्षक मनीषा चाहर एवं कृष्ण कुमार शर्मा फाइनल मुकाबले के लिए यश की मदद कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित