भभुआ , अक्टूबर 13 -- बिहार के कैमूर जिले में भभुआ थाना क्षेत्र के अखलासपुर पटिया में पुलिस ने छापेमारी कर 159.98 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया और इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज जारी सूचना के अनुसार, 12 अक्टूबर को करीब 16 बजे भभुआ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अखलासपुर पटिया निवासी सोनू कुमार गुप्ता अपने घर में मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री करता है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए भभुआ थानाध्यक्ष ने सशस्त्र बल के साथ उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर दीवार में लगे मोटर स्टार्टर के बॉक्स से काले पॉलीथिन में रखा भूरा रंग का हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसका वजन 159.98 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार गुप्ता, पिता हरि प्रसाद गुप्ता, निवासी अखलासपुर पटिया, थाना भभुआ, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित