हैदराबाद , मई 07 -- तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के खम्मम रेंज के अधिकारियों ने गुरुवार को भद्राचलम की वन मंडल अधिकारी (एफडीओ) संथापुरी सुजाता, तेगाडा के उप वन क्षेत्राधिकारी (डीआरओ) और चरला के प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी भुक्या कृष्णा को भद्राद्री कोठागुडेम जिले में 3.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

एसीबी ने बताया कि आरोपियों ने एक ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। यह रिश्वत चरला मंडल के पुसुगुप्पा गांव से छत्तीसगढ़ सीमा तक दो किलोमीटर लंबी बीटी सड़क बिछाने के दौरान वन वृक्षों को पहुंचाये गये नुकसान से संबंधित मामले दर्ज न करने के एवज में मांगी गयी थी। अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को यह भी आश्वासन दिया था कि वे उनके कार्यों में कभी कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे।

एसीबी ने बताया कि आरोपियों ने शुरू में 10 लाख रुपये की मांग की थी लेकिन बाद में शिकायतकर्ता के अनुरोध पर उन्होंने यह राशि घटाकर पांच लाख रुपये कर दी। भद्राचलम स्थित वन मंडल कार्यालय में की गयी छापेमारी के दौरान भुक्या कृष्णा की निशानदेही पर वह रिश्वत की रकम बरामद कर ली गयी।

दोनों आरोपी अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें वारंगल में एसपीई और एसीबी मामलों के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है, जबकि सुरक्षा कारणों से शिकायतकर्ता का विवरण गोपनीय रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित