भदोही , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) ने गुरुवार को "ऑपरेशन दहन" अभियान के तहत 54 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जनपद के विभिन्न थानों में पंजीकृत चार मामलों से बरामद कुल 6.561 किलोग्राम अवैध मादक द्रव्य जिसमें गांजा, ब्राउन शुगर और अफीम शामिल हैं,का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 54.07 लाख रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन दहन" के तहत की गई। मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया। उक्त मादक पदार्थ गोपीगंज, औराई, कोईरौना तथा ऊंज थानों में दर्ज मामलों से संबंधित थे। इनका निस्तारण प्रयागराज जिले के हंडिया क्षेत्र स्थित धानूपुर में "संगम मेडिसर्व प्राइवेट लिमिटेड" के इंसिनरेटर के माध्यम से किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित