भदोही, दो सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दुर्गागंज थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भानीपुर के अधीक्षक को जान से मरवाने की साजिश का मामला सामने आया है। वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग में अधीक्षक का एक्सीडेंट कराने की बातचीत सामने आने के बाद पुलिस ने सीएचसी में तैनात दो स्वास्थ्यकर्मियों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में चालान किया है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए स्वास्थ्यकर्मियों की पहचान अजीत कुमार (39) निवासी मुंगरी, थाना ऊंज और श्याम सुंदर सिंह (54) निवासी जाठी, थाना ज्ञानपुर के रूप में हुई है। दोनों सीएचसी भानीपुर में तैनात हैं। अजीत कुमार बीसीपीएम और श्याम सुंदर सिंह डब्ल्यूएचओ प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।

सीएचसी अधीक्षक फूलचंद बिंद ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ माह पहले कार्यभार संभाला था। इसी दौरान उनके संज्ञान में एक वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग आई, जिसमें कथित तौर पर अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उनका एक्सीडेंट कराने की बातचीत की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की कई ऑडियो क्लिप भी वायरल हुई हैं।

दुर्गागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की तहरीर के आधार पर दोनों संदिग्धों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता तथा उसमें सामने आई बातचीत से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित