भदोही , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को आयोजित समारोहों में कुल 339 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया तथा योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले के सभी विकासखंडों और नगरीय निकायों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत भदोही विकासखंड में 49, औराई में 68, ज्ञानपुर में 72, सुरियावां में 34, डीघ में 49 तथा अभोली में 32 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसके अलावा गोपीगंज नगर पालिका में छह, भदोही नगर पालिका में 16, ज्ञानपुर नगर पंचायत में छह, सुरियावां नगर पंचायत में पांच तथा खमरिया नगर पंचायत में दो जोड़े विवाह बंधन में बंधे।

समारोह में औराई के विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर के विधायक विपुल दुबे, पूर्व विधायक रविंद्र त्रिपाठी तथा मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित