भदोही , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस शुक्रवार को बताया कि कोइरौना थाना क्षेत्र के डगडगपुर निवासी राजन पाल (20) गुरुवार को अपनी भाभी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हंडिया जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह सदाशिव पट्टी प्रधानमंत्री सड़क जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग पर पहुंचा कि कोइरौना की ओर से आ रहे राज गुप्ता (18) की मोटरसाइकिल से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गयी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गये।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को डीघ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजन पाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राज गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में दोनों मोटरसाइकिल सवारों के तेज रफ्तार में होने तथा हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आयी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजन पाल चार भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर और अविवाहित था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित