भदोही , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के इटवा ऊपरवार में रविवार को हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले और दोस्त थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेदनीपुर गांव की बिंद बस्ती निवासी विवेक (26), सूरज (20) और पुनीत उर्फ उमेश (23) रविवार को हीरो होंडा मोटरसाइकिल से महराजगंज बाजार गए थे। लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बाइक विवेक चला रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक डॉ. नवनीत दुबे के अनुसार, तीनों युवकों की मौत मस्तिष्क में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
हादसे में जान गंवाने वाले सूरज अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और उनकी चार बहनें हैं। परिवार के लिए वह कमाने वाले बेटे थे। उनकी बहन रोशनी की शादी नवंबर में होनी है। वहीं, विवेक की शादी हो चुकी थी और उनकी दो बेटियां हैं। पुनीत उर्फ उमेश भी इसी गांव का रहने वाला था। तीन युवकों की एक साथ मौत से मेदनीपुर गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित