भदोही , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बांस के पेड़ से टकरा गयी, जिससे बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गयी, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, पूरे मनोहर अभिया निवासी शिव प्रसाद भोजवाल उर्फ मंझले अपने रिश्तेदार के यहां ज्ञानपुर गये थे। बीती रात वह अनिल कुमार मोदनवाल के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। खरगपुर कस्बे के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बांस के पेड़ से जा टकरायी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिव प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। घायल अनिल कुमार का उपचार चल रहा है।
शिव प्रसाद दाना भुजने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित