भदोही , अप्रैल 17 -- भदोही में विभिन्न सामाजिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ती कट्टरपंथी प्रवृत्तियां, अवैध कब्जे और कथित सुनियोजित धर्मांतरण जैसी घटनाएं सामाजिक सद्भाव और आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती बन रही हैं। विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई मामलों में महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आई है। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि तथाकथित 'लव जिहाद' जैसी घटनाएं शिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच चुकी हैं।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे समाज में शांति और सुरक्षा कायम रह सके। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित