भदोही , फरवरी 15 -- पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रेलखंड के माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास रविवार को मालगाड़ी के सामने लेटकर युवक ने आत्महत्या कर लिया।
जीआरपी सूत्रों ने बताया कि भदोही के औराई थाना क्षेत्र के माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास आज दोपहर में मालगाड़ी के सामने लेटकर एक युवक ने आत्महत्या कर लिया। मृतक की पहचान अंकित दुबे (29) निवासी सहसेपुर, थाना औराई, जनपद भदोही के रूप में की गई। बताया जाता है कि मृतक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रहकर परिवार का भरण पोषण करता था। वह लगभग एक सप्ताह पहले ही मुंबई से घर आया था।
मृतक के पिता की मृत्यु लगभग 15 साल पहले हो चुकी थी, जिससे पूरे परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका एक छह वर्ष का पुत्र भी है। स्थानीय लोगों ने बताया था वह काफी देर तक रेल पटरी के पास खड़ा था। मालगाड़ी जब उससे 100 मीटर पहले थी तभी ट्रैक पर लेट गया था। चालक द्वारा गाड़ी रोकने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन ट्रेन तेज गति में होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित