भदोही , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में भदोही शहर के मर्यादपट्टी स्थित सरोज बस्ती में मंगलवार को बारिश के दौरान गणेश पूजा पंडाल में करंट उतरने से एक किशोर की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मर्यादपट्टी निवासी नीरज सरोज के पुत्र आदित्य सरोज (14) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान श्री बाल गणेश पूजा समिति के पंडाल में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आदित्य के अलावा अभिषेक सरोज और सनी सरोज भी आ गये।

हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग तीनों को उपचार के लिए इंद्रा मिल स्थित अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पंडाल में बिजली की व्यवस्था तथा करंट उतरने के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित