भदोही , जून 3 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी सर्विस लेन पर बुधवार को एक प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार अज्ञात युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशुन देवपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के कुछ देर बाद दो युवक मौके पर पहुंचे और मृतक की बाइक तथा मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। पूछने पर उन्होंने स्वयं को मृतक का परिचित बताते हुए परिजनों को सूचना देने की बात कही। हालांकि बाद में उनकी पहचान और मृतक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार बस और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित