भदोही , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ग्राम पंचायत सचिवों की यूजर आईडी का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए पंचायत सहायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि सुरियावां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनापुर गांव निवासी पंचायत सहायक कृष्ण कुमार प्रजापति, जौनपुर जिले के बरसठी क्षेत्र के गहरपुर निवासी प्रदीप कुमार और ज्ञानपुर क्षेत्र के चककिसुनदास निवासी कमलकांत यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में करीब 200 से 250 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का आरोप है कि संविदा पर कार्यरत पंचायत सहायक कृष्ण कुमार प्रजापति ग्राम पंचायत अधिकारियों की तकनीकी जानकारी का फायदा उठाकर उनकी यूजर आईडी और ओटीपी हासिल करता था। इसके बाद सीआरएस पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज और डेटा अपलोड कर कूटरचित जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार किए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्य ग्राहकों को उपलब्ध कराने और प्रमाणपत्र तैयार करने में सहयोग करते थे।
जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल फोन से 76 हजार रुपये तथा 35 हजार रुपये के ऑनलाइन लेनदेन का विवरण भी पुलिस को मिला है।
इस संबंध में सुरियावां थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित