भदोही , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में जिला अस्पताल ज्ञानपुर के गेट के सामने सड़क पर प्रसूता के प्रसव होने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इमरजेंसी मेडिकल सेवा में तैनात चिकित्सक की सेवा समाप्त कर दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ का वेतन रोकने, एक स्टाफ नर्स का तबादला करने तथा दूसरे स्टाफ नर्स का तीन दिन का वेतन बाधित करने की कार्रवाई की गयी है। लापरवाही के आरोप में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) और महिला चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर को जिला अस्पताल ज्ञानपुर के मुख्य गेट के सामने सड़क किनारे रानी नामक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि प्रसव के लिए जिला अस्पताल पहुंची महिला को भर्ती करने के बजाय रेफर कर दिया गया, जिसके बाद अस्पताल के बाहर ही उसका प्रसव हो गया।

मामले में यह भी आरोप लगाया गया था कि महिला मुसहर समुदाय से होने के कारण उसे प्रसव के लिए भर्ती नहीं किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष कुमार चक मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाकर जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया।

सीएमओ ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ के विरुद्ध कार्रवाई की गयी।

सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि मामले में जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गयी है, और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित