भदोही , जून 26 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सुअर चराने के विवाद में भाई ने ही भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के कसीदहां चौकी अंतर्गत संसारापुर गांव में गुरुवार अर्धरात्रि में सुअर चराने के विवाद में भाई ने ही भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि संजय चार भाइयों में सबसे छोटा था। रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता था। वह 24 जून को ही घर आया था। गुरुवार की रात परिवार के सदस्यों के बीच सुअर चराने को लेकर विवाद हो गया, जो हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ तथा अन्य परिजनों ने सुअर मारने में प्रयुक्त होने वाले धारदार हथियार "हीकनी" से संजय के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजय की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पीआरबी की टीम ने बीच बचाव का काम किया, लेकिन इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमला किए जाने का आरोप है। हमले में पीआरबी कर्मचारी वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी को हल्की चोटें आईं, तथा उनका सरकारी मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जाता है कि संजय ही परिवार का एकमात्र कमाने वाले सदस्य था। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ तथा चंदा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित