भदोही , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के भदोही में कर्तव्य में लापरवाही, विवेचना में शिथिलता और अवैध हस्तक्षेप के मामलों में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निलंबित पुलिसकर्मियों में ज्ञानपुर थाने के उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव, औराई थाने के उप निरीक्षक विष्णुकांत मिश्रा, चौरी थाने के उप निरीक्षक महेन्द्र राम, ऊंज थाने के मुख्य आरक्षी नगेन्द्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार शामिल हैं। संबंधित मामलों में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, ज्ञानपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव के विरुद्ध ग्राम बथानीर की एक महिला द्वारा अपनी पुत्री के साथ हुई घटना के संबंध में दी गई शिकायत पर अपेक्षित वैधानिक कार्रवाई नहीं करने और महिला संबंधी अपराध के मामले में शिथिलता बरतने के आरोप प्रथम दृष्टया पाए गए।
औराई थाने के उप निरीक्षक विष्णुकांत मिश्रा पर लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अपेक्षित अनुपालन नहीं करने तथा विवेचना कार्य में लापरवाही बरतने के आरोपों की जांच में प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई। चौरी थाने के उप निरीक्षक महेन्द्र राम के विरुद्ध पंजीकृत एक मुकदमे में अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में अपेक्षित प्रभावी कार्रवाई नहीं करने तथा विवेचना में तत्परता और संवेदनशीलता नहीं बरतने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसी तरह ऊंज थाने के मुख्य आरक्षी नगेन्द्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार के विरुद्ध सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप के आधार पर शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में दोनों पर एक जमीनी विवाद के मामले में कथित रूप से अवैध तरीके से हस्तक्षेप करने के आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, निष्पक्ष विवेचना तथा पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ड्यूटी में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, विवेचना में शिथिलता अथवा पद के दुरुपयोग के मामलों में बिना भेदभाव कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित