भदोही , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के दानुपुर बाजार में सोमवार को दीपावली के बाद परंपरागत रूप से आयोजित होने वाली पांच किलोमीटर की साइकिल रेस प्रतियोगिता में चंदौली के सत्यम यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुलायम यादव दूसरे और इमरान अहमद तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

जय बजरंग रामलीला समिति की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग स्थित दानुपुर बाजार से हुआ। प्रतिभागियों ने निर्धारित पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए शहीद झूरी सिंह स्मारक पर दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता के दौरान मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। दर्शक प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सत्यम यादव को मेडल, साइकिल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मुलायम यादव और इमरान अहमद को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी रविन्द्र कुमार सेठ ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्थानीय लोगों के अनुसार दीपावली के बाद आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता पिछले करीब 20 वर्षों से लगातार होती आ रही है। यह आयोजन क्षेत्र की खेल परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुका है।

प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस मौके पर रविन्द्र सेठ, निशांत कुमार पाठक, सचिन कुमार गुप्ता, रामबाबू वर्मा और सचिन मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित