भदोही , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र में शनिवार को शराबी पति को पत्नी ने हंसिया मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति का भदोही के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां वह जीवन एवं मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि थाना क्षेत्र के हरिचंदनपुर (भगवानीपुर) गांव में शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी को थप्पड़ जड़ दिया। जिससे आक्रोशित पत्नी ने पति के पेट में हंसिया घोंप दिया। घायल युवक का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी राम दुलार का एकलौते बेटा राजू पटेल (32) मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करता है। इधर लगभग तीन महीने पहले घर आया था। इस दौरान वह शादी जैसे आयोजनों में खाना बनाने का काम कर रहा था। वह शराब पीने का आदी बन चुका था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। आक्रोशित युवक ने पत्नी को जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद पास में रखे लोहे की हंसिया पत्नी ने पति के पेट में घोंप दिया। जिससे कमरे में चारों तरफ खून बहकर फैल गया। आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भदोही में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

युवक का इलाज भदोही के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हालांकि कि पुलिस में इसकी शिकायत नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित