भदोही , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में पत्नी के घर वापस नहीं लौटने से परेशान एक युवक ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भदोही रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि कुसौड़ा गांव निवासी लालू गौतम ने गेहूं में रखने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला जहरीला चूर्ण खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसके भाई अमन ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पीआरबी 7676 की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां पहुंचाया।

अस्पताल में उपचार के दौरान लालू ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी, और बार-बार बुलाने के बावजूद वापस नहीं आ रही थी। इसी बात से वह परेशान था। परिजनों ने बताया कि पत्नी को वापस बुलाने के लिए कई प्रयास किए गए थे।

अमन के मुताबिक, पत्नी को वापस बुलाने के संबंध में आईजीआरएस के माध्यम से कई बार शिकायत और प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद लालू ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सक डॉ. विपिन यति ने बताया कि युवक ने गेहूं में रखने वाला जहरीला चूर्ण खाया है और उसकी हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भदोही रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित