, Oct. 1 -- भदोही, 01 अक्टूबर (वार्ता। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में नाबालिग पीड़िता से संबंधित अपराध के मामले में दोषी अभियुक्त को पॉक्सो अधिनियम के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गयी है।

पुलिस के अनुसार, ऊंज थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता से संबंधित मामले में शाहिल हाशमी , निवासी शुकुलपुर गिर्दकोट बरौत, थाना हंडिया, प्रयागराज के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराओं 363, 376 और 366 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

मामले की वैज्ञानिक विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले में स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) धीरज शुक्ला की पैरवी के बाद विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो), ज्ञानपुर, भदोही की अदालत ने अभियुक्त को पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अभियुक्त को छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

भदोही पुलिस के मुताबिक, महिला एवं बाल संबंधी अपराधों में दोषियों को त्वरित दंड दिलाने के लिए 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित