भदोही , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के गिर्दबड़ागांव में शनिवार को पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गिर्दबड़ागांव निवासी अजय उर्फ नान्हक सरोज (35) अपने तीन साथियों के साथ टेंपो का टायर लेकर पंचर बनवाने निकला था। रास्ते में उसने शराब पी और इसके बाद साथी के साथ मोटरसाइकिल से डोमैयला मार्ग की ओर चला गया।

बताया गया कि डोमैयला मार्ग पर नहर के पास एक किशोर मछली पकड़ रहा था। किसी बात को लेकर अजय और किशोर के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि किशोर द्वारा गाली दिए जाने पर अजय ने उसका पीछा किया। अजय से बचने के लिए किशोर नहर में कूद गया। इसी दौरान उसका पीछा करते हुए अजय नहर पटरी के किनारे स्थित गहरे गड्ढे में गिर गया और पानी में डूबने लगा।

किशोर ने अजय के साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों साथी मौके पर पहुंचे और पानी में उसकी तलाश शुरू की। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद अजय को पानी से बाहर निकाला गया।

अजय को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) औराई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित