भदोही , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में बैंक धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने बुधवार को बैंक ऑफ इंडिया के एक शाखा प्रबंधक के आवास पर छापा मारकर कई घंटे तक जांच पड़ताल की। कार्रवाई के बाद अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों के अनुसार लखनऊ से आई करीब 20 सदस्यीय सीबीआई टीम ने कालीन नगरी भदोही के निजामपुर मोहल्ले में स्थित बैंक ऑफ इंडिया भदोही शाखा के प्रबंधक तौसीफ अख्तर के आवास पर छापेमारी की। बताया गया कि टीम ने लगभग पांच घंटे तक घर में गहन तलाशी और दस्तावेजों की जांच की। छापेमारी के समय शाखा प्रबंधक घर पर मौजूद नहीं थे। बाद में सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें फोन कर मौके पर बुलाया और बंद कमरे में लंबी पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई कथित तौर पर करीब नौ करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले से जुड़ी हुई है। जांच के दौरान सीबीआई को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सीबीआई टीम शाखा प्रबंधक को अपने साथ लेकर बैंक शाखा के आवश्यक अभिलेखों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। हालांकि मामले में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित